जनपद कन्नौज के सुभाष इंटर कॉलेज, नादेमऊ में दीक्षांत समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस यज्ञ में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्रों के लिए आगामी बोर्ड परीक्षा में सफलता हेतु विशेष प्रार्थनाएं की गईं।
यज्ञ का विधिवत संचालन यज्ञ के ब्रह्मा श्री सुरेश चंद्र आर्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा के साथ संस्कार भी जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी अध्यापकों ने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कृष्ण पाल सिंह शास्त्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा यज्ञ के ब्रह्मा श्री सुरेश चंद्र आर्य का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग का सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
यज्ञ उपरांत विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित कर भावभीनी विदाई दी गई। इसके बाद जलपान की व्यवस्था भी की गई। बच्चों के शैक्षिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक कल्याण को ध्यान में रखते हुए यज्ञ में आहुतियाँ दी गईं।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक रवेंद्र सिंह यादव, विपिन सिंह चौहान, अरविंद सिंह चौहान, मान सिंह वर्मा सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षक गौतम जी द्वारा किया गया।











