लखनऊ। प्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए समाज के जरूरतमंद वर्ग को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लखनऊ स्थित अवध इंस्टिट्यूट ऑफ सेफ्टी मैनेजमेंट के संस्थापक साकिब अहमद ने मानवीय संवेदना की एक सराहनीय मिसाल पेश की है। उन्होंने लखनऊ में छात्रों और जरूरतमंद लोगों के बीच गर्म कपड़े एवं स्वेटर वितरित कर ठंड से बचाव का प्रयास किया।
साकिब अहमद ने इस सामाजिक पहल को केवल लखनऊ तक सीमित न रखते हुए गोरखपुर जनपद के भटहट ब्लॉक स्थित ग्राम बैलों तक विस्तार दिया। यहां उन्होंने एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत कक्षा 1 से 5 तक के निराश्रित बच्चों को गर्म कपड़े और स्वेटर भेंट किए। यह पहल उनके पिता, स्वर्गीय कमर अहमद आज़ाद—वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रभाषा रत्न सम्मान से अलंकृत—की जन्मभूमि से उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव को भी दर्शाती है।
इसके अतिरिक्त, आसपास कार्यरत मजदूरों को भी ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गर्म वस्त्र वितरित किए गए, जिससे उन्हें कड़ाके की सर्दी में कुछ सहारा मिल सके।
उल्लेखनीय है कि साकिब अहमद सुरक्षा प्रबंधन के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी लगातार निर्वहन कर रहे हैं। वे पिछले कई वर्षों से अनेक आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा का खर्च स्वयं वहन कर रहे हैं।
आज के समय में इस प्रकार की सामाजिक पहलें न केवल जरूरतमंदों के लिए सहारा बनती हैं, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देती हैं।
मानवता की मिसाल: लखनऊ से गोरखपुर तक बांटे गर्म कपड़े
By मो उवैस खान
On: December 25, 2025 4:11 PM










