उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड, सर्द हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए भीषण ठंड, घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट घोषित किया गया है
हवाई, सड़क और रेल यातायात पर असर
घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शनिवार को लखनऊ हवाईअड्डे से तीन और वाराणसी एयरपोर्ट से छह उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर एयरपोर्ट से उड़ानें देरी से रवाना हुईं। सड़कों और रेल सेवाओं पर भी कोहरे का असर देखने को मिला।
न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को कानपुर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इटावा: 6.8 डिग्री
बुलंदशहर: 7 डिग्री
अयोध्या: 7.5 डिग्री
कानपुर, आगरा, प्रयागराज और गाजियाबाद में दृश्यता लगभग शून्य रही।
कई जिलों में शीत दिवस और अत्यंत शीत दिवस
लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, बहराइच, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बस्ती, बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद में अत्यंत शीत दिवस की स्थिति दर्ज की गई। वहीं, दोई, बलिया, चुर्क, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजीपुर, मुरादाबाद, इटावा और आगरा में शीत दिवस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार को कुछ जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी से हल्की राहत मिल सकती है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 24 दिसंबर से कोहरा और बढ़ने तथा तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
रेड अलर्ट जारी किए गए जिले
कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में रेड अलर्ट लागू किया गया है।
पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानों में बढ़ेगी ठंड
उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में मौसम और बिगड़ने वाला है। हिमाचल प्रदेश, कश्मीर घाटी और लद्दाख में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अगले 24 घंटों में बारिश व भारी बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल के 10 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया है। इन क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।











