मुंबई: अभिनेता इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म आवारापन 2 का पहला गाना ‘वे जुनून’ रिलीज़ कर दिया गया है। गाने में प्यार, जुदाई और कभी न भर पाने वाले दर्द को बेहद भावनात्मक अंदाज़ में पेश किया गया है। रिलीज़ के साथ ही यह गीत सोशल मीडिया पर दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
विशेष फिल्म्स और Sony Music India के बैनर तले रिलीज़ हुए इस गीत को संगीतकार मिथुन ने कंपोज़ किया है, जबकि अपनी प्रभावशाली आवाज़ से इसे गायक सुबोध शर्मा ने सजाया है। गाने में इमरान हाशमी का भावुक और दर्दभरा प्रदर्शन कहानी की भावनाओं को और गहराई देता है।
इससे पहले फिल्म का टीज़र 29 जून को पहली ‘आवारापन’ की 19वीं वर्षगांठ के अवसर पर जारी किया गया था, जिसे दर्शकों ने शानदार प्रतिक्रिया दी। अब ‘वे जुनून’ के रिलीज़ होने के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले 12 वर्षों से साउंड इंजीनियर के रूप में काम कर रहे सुबोध शर्मा को इस गीत के लिए एक इंस्टाग्राम रील के जरिए मौका मिला। उनकी आवाज़ की सादगी और भावनात्मक गहराई ने निर्माता विशेष भट्ट और संगीतकार मिथुन को इतना प्रभावित किया कि उन्हें फिल्म के मुख्य किरदार शिवम की भावनाओं को आवाज़ देने के लिए चुना गया।
‘वे जुनून’ में संगीत, बोल और इमरान हाशमी के भावपूर्ण अभिनय का मेल इसे एक यादगार रोमांटिक ट्रैक बनाता है। फिल्म के टीज़र और पहले गाने को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद दर्शकों की निगाहें अब फिल्म की रिलीज़ पर टिकी हैं।










