Delhi CM Rekha Gupta Attack : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उनके सिविल लाइंस स्थित आधिकारिक आवास पर एक जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ। इस हमले में मुख्यमंत्री को हल्की चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना उस समय हुई जब रेखा गुप्ता जनता की समस्याएं सुन रही थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर व्यक्ति, जिसकी पहचान 41 वर्षीय राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है, गुजरात के राजकोट का निवासी है। बताया गया है कि आरोपी जनसुनवाई के लिए सातवें नंबर पर था। जब उसका नंबर आया, तो उसने पहले मुख्यमंत्री को कुछ कागजात दिए, फिर अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले पत्थर फेंकने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सका, इसके बाद उसने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारने की कोशिश की और उनके बाल खींचने का प्रयास भी किया। सुरक्षा में तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे सिविल लाइंस थाने में पूछताछ की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर और मुख्य सचिव मौके पर पहुंचे। पुलिस आयुक्त ने इस मामले की जानकारी गृह मंत्रालय को भी दे दी है। अब पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और किसी भी राजनीतिक या मानसिक पृष्ठभूमि की जांच में जुटी है।
इस हमले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया, जबकि आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने घटना की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। आतिशी ने कहा कि “लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”
यह घटना न सिर्फ मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है, बल्कि महिला नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई जा रही है। दिल्ली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट सामने आने की संभावना है।













