ED raids AAP leader Saurabh Bhardwaj’s house: दिल्ली में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई राजधानी में हुए एक बड़े अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। इस मामले में सौरभ भारद्वाज और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन जांच के दायरे में हैं।
जानकारी के मुताबिक, साल 2018-19 में दिल्ली सरकार ने 24 नए अस्पतालों के निर्माण के लिए ₹5,590 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी। इन परियोजनाओं को 6 महीने के भीतर पूरा करना था, लेकिन 3 साल बीत जाने के बावजूद अधिकांश निर्माण अधूरा पड़ा है। अब इन प्रोजेक्ट्स में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं।
घोटाले से जुड़ी प्रमुख बातें:
* 6 महीने में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट 3 साल बाद भी अधूरा।
* ₹800 करोड़ खर्च हो चुके हैं, फिर भी सिर्फ 50% काम ही हुआ है।
* LNJP अस्पताल की अनुमानित लागत ₹488 करोड़ से बढ़कर ₹1,135 करोड़ तक पहुंच गई, जबकि प्रगति नगण्य रही।
* कई जगह बिना अनुमति के निर्माण शुरू कर दिया गया, ठेकेदारों की भूमिका संदेह के घेरे में है।
* हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) 2016 से लंबित है, और जानबूझकर देरी का आरोप है।
ईडी ने इस मामले में ECIR (Enforcement Case Information Report) दर्ज की है और अब पूरे प्रोजेक्ट की गहन जांच की जा रही है। यह छापेमारी इस बात का संकेत है कि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और स्वास्थ्य क्षेत्र की परियोजनाओं में संभावित भ्रष्टाचार को लेकर एजेंसियां अब सख्त रुख अपना रही हैं।













