Chowk Bazaar, Maharajganj : नाथनगर में रविवार सुबह उस समय तनाव फैल गया जब 19 वर्षीय सुमित्रा, निवासी राधेश्याम, का शव पोखरे के किनारे एक पेड़ से लटकता हुआ मिला। परिवार के अनुसार युवती शनिवार दोपहर करीब 3 बजे से गायब थी और रातभर खोजने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। सुबह उसकी मां फूलमती जब खोजते हुए पोखरे की ओर गईं, तो उन्होंने बेटी का शव देखा और शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए महत्वपूर्ण साक्ष्य
सूचना मिलते ही चौक पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। टीम ने पेड़, दुपट्टा, मिट्टी, पैरों के निशान और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की वैज्ञानिक जांच की। कई नमूने सुरक्षित कर आगे की जांच हेतु भेज दिए गए हैं।
मृतका का मोबाइल मिला, डीटा एनालिसिस शुरू
जांच के दौरान पुलिस को युवती का मोबाइल फोन भी मिला, जिसे सील कर तकनीकी विश्लेषण शुरू किया गया है। कॉल डिटेल, चैट, अंतिम लोकेशन और संपर्कों की जांच इस मामले में अहम सुराग दे सकती है। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सभी एंगल पर जांच जारी
चौक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के अनुसार, यह एक संवेदनशील मामला है और पुलिस आत्महत्या, हादसा या किसी साज़िश—सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और भय का माहौल है। लोग घटना की वजह को लेकर तरह–तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।













