Stampede at Actor Vijay’s Rally in Tamil Nadu: 31 Dead, Several Injured: तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार को अभिनेता और तमिझगगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय की रैली में बड़ा हादसा हो गया। भीड़ बढ़ने से मची भगदड़ में दम घुटने के कारण 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस अफरातफरी में कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े और एक बच्चा अब भी लापता बताया जा रहा है।
घटना के दौरान विजय ने तुरंत अपना भाषण रोक दिया और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली करने के निर्देश दिए, ताकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। हादसे के बाद रैली स्थल पर हाहाकार मच गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सीएम स्टालिन ने जताई चिंता
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने पूर्व मंत्री वी. सेंथिलबालाजी, स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमणियन और जिला कलेक्टर को निर्देश दिया है कि सभी घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही, उन्होंने तिरुचिरापल्ली के मंत्री अन्बिल महेश को राहत कार्यों में हर संभव सहयोग करने का आदेश दिया। सीएम ने एडीजीपी से हालात नियंत्रित करने और तेजी से कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, जनता से डॉक्टरों और पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर विजय की रैली को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग उनके राजनीति में कदम रखने का समर्थन कर रहे हैं, तो वहीं कई चाहने वाले मानते हैं कि उन्हें फिल्मों पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहिए।









