सौरिख थाना के सामने मो किदवई नगर (गढ़ी ) में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर घात लगाकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
मो किदवई नगर निवासी नजरुल हसन उर्फ नाजू (35) पुत्र खलील अहमद मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे घर से कुछ जरूरी सामान को बाजार लेने गए थे।बाजार से वापस आते समय कब्रिस्तान के रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
आरोप है कि मोहल्ला किदवई नगर निवासी वाहिद अली, बशारत अली, आसिफ अली, आकिल अली लालू (पुत्रगण शौकत अली) तथा कन्नौज के अहमदपुर रौनी निवासी रिश्तेदार आमिर अली (पुत्र मैनुद्दीन) ने एकत्र होकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से नाजू पर ताबड़तोड़ हमला किया जिसमें नाजू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसे देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। तत्काल लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले भी नाजू के बड़े भाई बदरुल हसन (सद्दू )के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी। नाजु के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयंती गंगवार ने बताया है प्रार्थना पत्र मिला है मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










