SCOBC SC ST Reservation Support Rally: कन्नौज में सामाजिक न्याय के समर्थन में शुक्रवार को एक विशाल पैदल यात्रा निकाली गई। नवीन मंडी समिति से कलेक्ट्रेट तक आयोजित इस यात्रा में SC/ST और OBC आरक्षण के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक मंच पर नजर आए और सरकार से पिछड़े वर्गों के हित में लिए गए निर्णयों को जमीनी स्तर पर पूरी तरह लागू करने की मांग की।
पैदल यात्रा के दौरान सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी और नेता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि पिछड़ों और दलितों के उत्थान के लिए बनाए गए कानूनों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि पात्र लोगों को उनका संवैधानिक अधिकार मिल सके।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता रामू कठेरिया ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने पिछड़े वर्ग के हित में कानून बनाए हैं, लेकिन कुछ वर्ग इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इसे न्याय की लड़ाई बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि पिछड़े वर्ग को उसका हक मजबूती से मिले।
यात्रा में क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भाजपा ब्लॉक प्रमुख रामू कठेरिया, कंचन दोहरे और रेखा दोहरे समेत कई नेताओं ने यात्रा का नेतृत्व किया। वक्ताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी दल विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि आरक्षण और सामाजिक समानता के अधिकार की रक्षा के लिए आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील दिखाई दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने इस मुद्दे को लेकर बढ़ती जागरूकता और समर्थन को भी दर्शाया।











