A Message of Change Echoed in the Education Chaupal : विकास खंड हसेरन के ब्लॉक सभागार में मंगलवार को शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षक चौपाल चर्चा और जागरूकता का केंद्र बनी। कार्यक्रम में न केवल सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, बल्कि शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित कर उनका उत्साह भी बढ़ाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, खंड विकास अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत समारोह आयोजित हुआ, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों की सराहना की गई।
चौपाल में बेसिक शिक्षा विभाग की प्रमुख योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। एआरपी तेजपाल सिंह ने डीबीटी, निपुण भारत मिशन और डिजिटल संसाधनों के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं नोडल संकुल शिक्षक विनय कुमार ने विभागीय योजनाओं की बारीकियों को सरल तरीके से समझाते हुए कार्यक्रम का कुशल संचालन किया, जिस पर समय-समय पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने शिक्षकों, एसएमसी अध्यक्षों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों के नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य ने हसेरन क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों की सराहना करते हुए नामांकन बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान निपुण विद्यालयों के शिक्षकों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हसेरन न्याय पंचायत के कुल 14 विद्यालयों को वर्तमान और पूर्व में निपुण श्रेणी में शामिल होने पर सम्मान मिला।
इस अवसर पर चक्रधर सिंह, निर्मल राजपूत, विट्टी देवी, नरेंद्र पाल, संतोष कुमार, आविद हसन सहित विभिन्न न्याय पंचायतों के नोडल संकुल शिक्षक और बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता और सहयोग की नई दिशा प्रस्तुत की।








