जिला कन्नौज में आयोजित जिला स्तरीय वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ग्राम मझपूर्वा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। यह रोमांचक फाइनल मैच ब्लॉक तालग्राम के अंतर्गत चयनित ग्राम मझपूर्वा और ब्लॉक गुगरापुर की टीम के बीच खेला गया, जिसमें गुगरापुर को हार का सामना करना पड़ा।
मझपूर्वा की टीम की अगुवाई कर रहे होनहार वॉलीबॉल खिलाड़ी कप्तान सैय्यद अब्दुर्रहमान और उनके साथी खिलाड़ी अरबाज खान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। दोनों भाइयों की मेहनत, लगन और अनुशासन ने न केवल टीम को विजय दिलाई, बल्कि पूरे गांव का नाम भी रोशन किया।
फाइनल मुकाबले में मझपूर्वा की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और हर सेट में बढ़त बनाए रखी। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल और रणनीति के आगे गुगरापुर की टीम टिक नहीं पाई और अंततः मझपूर्वा ने फाइनल जीतकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
इस जीत के बाद गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने विजेता टीम का जोरदार स्वागत किया और खिलाड़ियों को बधाइयाँ दीं। लोगों का कहना है कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और ग्रामीण खेल प्रतिभा को नई पहचान दिला रहे हैं।
मझपूर्वा की पूरी टीम, विशेषकर कप्तान सैय्यद अब्दुर्रहमान और अरबाज खान, बधाई के पात्र हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह अपने गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करते रहें।











