कन्नौज: विकास खंड हसेरन की ग्राम पंचायत कलसान के लेलेपुर गांव की रहने वाली बेटी मानवी भदौरिया ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कानपुर यूनिवर्सिटी की बीएससी बायो परीक्षा में मानवी ने 9.4 सीजीपीए अंक प्राप्त कर यूनिवर्सिटी में दूसरा स्थान अर्जित किया और कन्नौज जिले का मान बढ़ाया।
दर असल आपको बता दें कि मानवी, उदय सिंह भदौरिया की सुपौत्री और समाजसेवा व बैंकिंग क्षेत्र में सम्मानित स्थान रखने वाले सर्वेंद्र सिंह भदौरिया की पुत्री हैं। परिवार, शुभचिंतकों और मित्रों ने उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
वहीं मानवी ने अपनी सफलता का श्रेय बुजुर्गों के आशीर्वाद और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज से अज्ञानता, अंधविश्वास और अशिक्षा को दूर करने तथा वंचित और पीड़ित वर्ग को न्याय दिलाने का संकल्प व्यक्त किया।

गौरतलब है कि मानवी की प्रारंभिक शिक्षा ग्रामीण विद्यालयों से हुई है। इसके बाद भी उन्होंने यह साबित किया कि सच्ची मेहनत और लगन से किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और समाजसेवी संस्थाओं ने अपार हर्ष व्यक्त किया।
मानवी भदौरिया की इस सफलता से उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे गांव ही नहीं, पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण मान रहे हैं।








