कन्नौज: विकास खण्ड हसेरन के ब्लॉक सभागार में ब्लॉक संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रतिनिधि पुष्पेंद्र शाक्य रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर की।
कार्यशाला में प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, ग्राम प्रधान तथा स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान विधायक कैलाश राजपूत ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी हसेरन ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए शासन की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने डीबीटी (Direct Benefit Transfer), निःशुल्क पुस्तक वितरण, सामुदायिक सहभागिता और छात्रों की नियमित उपस्थिति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन नोडल शिक्षक विनय कुमार ने किया। कार्यशाला के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर तेजपाल सिंह (ARP), उपेंद्र प्रताप (ARP), चक्रधर सिंह भदौरिया, सिद्ध शंकर मिश्र, निर्मल राजपूत, सुरेश चंद्र सहित कई शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे।







