Father killed his daughter with an axe: फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र के नगला जाट गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी को खेत में प्रेमी संग पकड़कर बेरहमी से कुल्हाड़ी के 13 वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस जांच में सामने आए नए मोड़ ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है, क्योंकि अब पीड़िता के प्रेमी को भी दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
मोबाइल से खुला राज, पिता ने की तलाश
सोमवार रात किशोरी अपने प्रेमी से मिलने घर से निकली और साथ में पिता का मोबाइल भी ले गई। चारपाई पर मोबाइल न देखकर पिता को शक हुआ। घर में तलाश करने पर जब बेटी न मिली तो वह उसे खोजने निकला। इसी दौरान खेत में उसने बेटी को प्रेमी के साथ देख लिया।
गुस्से में उतरी दरिंदगी
आरोप है कि गुस्से से बेकाबू हुए पिता ने वहीं कुल्हाड़ी से लगातार 13 वार कर बेटी की जान ले ली। इसमें छह वार गर्दन पर और बाकी वार शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर किए गए। प्रेमी मौका पाकर भाग गया, जबकि पिता घर लौट आया।
सुबह मिला खून से लथपथ शव
अगली सुबह गांव की महिलाएं खेतों में पहुंचीं तो उन्होंने किशोरी का शव देखा, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पहले गुमराह किया, फिर किया कबूल
पुलिस पूछताछ में शुरू में पिता ने अंजान होने का नाटक किया और अज्ञात व्यक्ति पर शक जताकर तहरीर दे दी। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने गुनाह कबूल कर लिया और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी की बरामदगी भी कराई।
प्रेमी पर दर्ज हुए गंभीर आरोप
मामले की जांच में यह भी पता चला कि मृतका का पिछले एक साल से प्रेमी के साथ संबंध था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है। अदालत ने आरोपी पिता और प्रेमी दोनों को जेल भेज दिया है।











