Farrukhabad: फर्रुखाबाद जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत चलाए गए अभियान के दौरान एक स्कूल में एल्बेंडाजोल (Albendazole) दवा खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। घटना से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और एंबुलेंस के जरिए बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकांश बच्चों की हालत उपचार के बाद सामान्य हो गई, जबकि कुछ बच्चों को निगरानी में रखा गया है।
मंगलवार को जिलेभर के स्कूलों में पेट के कीड़ों से बचाव के लिए बच्चों को एल्बेंडाजोल (Albendazole) की दवा दी गई। दो वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एक गोली और एक वर्ष के बच्चों को आधी गोली दी जानी थी। जहानगंज क्षेत्र के रठौरा मोहद्दीनपुर स्थित एक जूनियर हाईस्कूल में दोपहर करीब 12:30 बजे लगभग 150 बच्चों को दवा वितरित की गई। दवा का बैच नंबर 040625 बीयूपी35 बताया गया है और उसकी एक्सपायरी मई 2028 दर्ज थी।
दवा लेने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत की। कुछ बच्चों की स्थिति बिगड़ने पर स्कूल प्रशासन ने तुरंत स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को सूचना दी। 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से करीब 10 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। कई बच्चों को कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC Kamalganj) और अन्य को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल (Dr Ram Monohar Lohia Hospital Farrukhabad) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों को घर भेज दिया गया, जबकि कुछ बच्चों को एहतियातन भर्ती रखा गया है।
जिलाधिकारी (District Megistrate), मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, एल्बेंडाजोल दवा के सेवन के बाद कुछ बच्चों में हल्की चक्कर या घबराहट जैसी प्रतिक्रियाएं सामान्य रूप से देखी जा सकती हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दवाओं की गुणवत्ता और वितरण प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।











