उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर शनिवार को नगर स्थित जवाहर कच्छ में कांग्रेस नेता विवेक नारायण मिश्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार को 8 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस लंबे कार्यकाल में कानून-व्यवस्था संभालने में सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ा है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
कांग्रेस नेता ने एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराधों में उत्तर प्रदेश देशभर में सबसे आगे है। यह स्थिति बताती है कि सरकार की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति केवल कागजों तक सीमित है।
उन्होंने कहा, “योगी सरकार की विफलता का सबसे बड़ा सबूत यही है कि महिलाएं, दलित और कमजोर वर्ग आज भी न्याय के लिए भटक रहे हैं, और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।”
मिश्र ने दावा किया कि कांग्रेस लगातार जनता की आवाज़ उठाती रहेगी और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।











