कन्नौज। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कन्नौज रामकृपाल चौधरी ने ब्लॉक मुख्यालय का निरीक्षण कर विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि पंचायतों में स्वच्छता एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ग्राम पंचायतों में बनाए गए आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घरों से गीला एवं सूखा कूड़ा पृथक रूप से एकत्रित किया जाए तथा कूड़ा कलेक्शन के बाद स्वच्छता शुल्क वसूल कर उसे ओएसआर खाते में जमा कराया जाए।
सीडीओ चौधरी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा गाड़ी चलाई जाए और नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर स्वच्छता ही प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें कोताही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ग्राम पंचायत कुंवरपुर काशी दिन में संचालित गौशाला का भी दौरा किया। उन्होंने मौके पर पाई गई कमियों को तीन दिन के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित ग्राम प्रधान और सचिव को दिए।
इस मौके पर हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना, वन फैमिली वन आईडी, पंचम वित्त आयोग, केंद्रीय वित्त आयोग, गौशाला, पंचायत भवन, तथा अंत्येष्टि स्थल से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की गई। लापरवाही बरतने वालों को सीडीओ द्वारा कड़ी फटकार भी लगाई गई।
बैठक में सहायक विकास अधिकारी अतुल मिश्रा, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण मयंक मौर्य सहित समस्त सचिव उपस्थित रहे। सीडीओ ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और स्वच्छता कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।













