कन्नौज। आम बजट को लेकर कन्नौज में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिलाध्यक्ष इशरत खान ने आम बजट को पूरी तरह निराशाजनक बताते हुए कहा कि इस बजट से व्यापारियों को कोई राहत नहीं मिली है।
इशरत खान ने कहा कि व्यापारी पहले से ही मंदी की मार से पूरी तरह बर्बाद हो चुका है, लेकिन सरकार ने बजट में उसकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रकृति से सीखना चाहिए—जहां ज्यादा है, वहां से टैक्स लेकर कम वालों को दिया जाए, जिससे देश में समानता आ सके।
AIMIM जिलाध्यक्ष ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने अब तक इससे घटिया बजट नहीं देखा। उनका आरोप है कि यह बजट आम जनता और छोटे व्यापारियों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और केवल चुनिंदा वर्गों को ही फायदा पहुंचाने वाला है।
इस बयान के बाद जिले में बजट को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।










