Body found hanging from a tree in Kannauj. : कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम कूकापुर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान शिवम (पुत्र छविराम) के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार शिवम गुरुवार शाम तक घर पर मौजूद था, लेकिन सुबह वह घर पर नहीं मिला। काफी तलाश के बाद उसका शव गांव के बाहर बंशीलाल के खेत में अर्जुन के पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक, मृतक के मोबाइल से रात करीब 10:30 बजे आखिरी बार किसी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद कोई कॉल रिकॉर्ड नहीं मिला। इस आधार पर पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ, थाना प्रभारी सौरिख, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: मुजीब हुसैन, सौरिख (कन्नौज)









