कन्नौज। जनपद के हसेरन कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा स्वास्थ्य कर्मियों का प्रदर्शन जारी है। सोमवार को आशा कर्मियों ने कोल्ड चेन पर ताला लगाकर टीकाकरण कार्यक्रम को पूरी तरह से ठप कर दिया।
जनपद की सभी आशा कर्मी 15 दिसंबर से हड़ताल पर हैं। प्रदर्शनकारी आशा कर्मियों की मुख्य मांग राज्य कर्मचारी का दर्जा और वेतन में बढ़ोतरी है।
आशा कर्मियों का कहना है कि उन्हें एक मजदूर के बराबर भी मजदूरी नहीं मिल रही है। वर्तमान में मिलने वाले दो हजार रुपये से किसी भी प्रकार का गुजारा संभव नहीं है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल जारी रहेगी और टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभावित रहेंगे।
आशा कर्मियों ने कहा कि पिछले 15 दिनों से धरने पर बैठे हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन या सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। उन्होंने अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।
प्रदर्शन स्थल पर सुमन देवी, राधा श्रीवास्तव, बीना देवी, साधना, पुष्पा, ममता देवी, गुड्डी, रेशमा, सुनीता, मीरा सहित कई आशा कर्मी मौजूद रहीं।











