गुरसहायगंज क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कबाड़ बीनने गए 10 वर्षीय मासूम बच्चे पर दो अज्ञात लोगों ने तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा गुरसहायगंज के मोहल्ला पटेल नगर निवासी बाबू (10 वर्ष), पुत्र सोनू, बुधवार की सुबह अपने साथी अभिषेक उर्फ कोहली के साथ दारासराय इलाके में कबाड़ बीनने गया था। सुबह करीब 10 बजे दो अज्ञात लोगों ने बाबू को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया।
तेजाब पड़ते ही मासूम का चेहरा झुलस गया और वह दर्द से कराहते हुए मौके पर गिर पड़ा। घटना से घबराए उसके साथी ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन बच्चे को ठेली पर लादकर कोतवाली ले पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में इस अमानवीय घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना समाज में बढ़ती क्रूरता और असुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात, हालत गंभीर
By आलम कुरैशी
On: January 29, 2026 12:56 PM










