Prime Minister Narendra Modi arrived in Tokyo: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 29 अगस्त 2025 को जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचे। उनका यह दो दिवसीय आधिकारिक दौरा कई अहम समझौतों और रणनीतिक चर्चाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ 15वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
यह समिट लंबे समय से प्रतीक्षित थी और दोनों देशों के बीच 2008 में हुई सुरक्षा सहयोग संधि को नए आयाम देने की दिशा में एक अहम पहल साबित होगी। बैठक में रक्षा उपकरणों की खरीद, आर्थिक सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), महत्वपूर्ण खनिजों और आपूर्ति श्रृंखलाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इस समिट में भारत और जापान “2035 विजन स्टेटमेंट” भी जारी करेंगे, जो 2025 में घोषित पुराने विजन स्टेटमेंट को और आगे ले जाएगा। यह घोषणाएं ऐसे समय में हो रही हैं जब भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठकों की शुरुआत को 20 साल पूरे हो चुके हैं। पहली बैठक 2005 में नई दिल्ली में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी और भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच हुई थी।
इस समिट में जापान द्वारा भारत में निवेश का लक्ष्य बढ़ाकर करीब 68 अरब डॉलर करने की घोषणा भी होने की उम्मीद है, जो द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को नई गति देगा।
पीएम मोदी की इस यात्रा से भारत और जापान के बीच रक्षा, तकनीक, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में नए अवसर पैदा होंगे।










